पश्चिम चम्पारण(बगहा),18जुलाई(हि.स. )। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन, पश्चिम चंपारण की जिला स्तरीय बैठक रविवार को बेतिया नगर निगम क्षेत्र स्थित देवरहवा बाबा आश्रम परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष सतेंद्र पांडे ने की। बैठक में संगठन के विस्तार, सदस्यता अभियान, पत्रकारों की समस्याओं तथा संगठन को और अधिक सशक्त बनाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अरविंद नाथ तिवारी उपस्थित रहे। प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक प्रखंड एवं पंचायत स्तर तक सदस्यता अभियान चलाने पर बल दिया। उ
न्होंने कहा कि पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, उनकी सुरक्षा तथा सम्मान के लिए संगठन को मजबूत और सक्रिय बनाना समय की आवश्यकता है।बैठक के दौरान पश्चिम चंपारण जिले के पत्रकारों के समक्ष आने वाली विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। पत्रकारों की सुरक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए बेहतर माहौल, संगठनात्मक एकजुटता तथा पत्रकार हित से जुड़े मुद्दों पर उपस्थित सदस्यों ने अपने-अपने विचार रखे। साथ ही निर्णय लिया गया कि संगठन पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन एवं संबंधित विभागों के समक्ष प्रभावी ढंग से अपनी बात रखेगा।
बैठक में दैनिक जागरण, हिंदुस्तान, प्रभात खबर, आज सहित विभिन्न समाचार पत्रों, इलेक्ट्रॉनिक मीडिया एवं डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया। सभी ने संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक पत्रकारों को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में डॉ. अरविंद नाथ तिवारी ने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती ही पत्रकारों की सबसे बड़ी ताकत है और इसके लिए सभी सदस्यों को सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक का समापन संगठन की मजबूती, सदस्यता विस्तार और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए सामूहिक प्रयास करने के संकल्प के साथ हुआ। उपस्थित पत्रकारों ने विश्वास व्यक्त किया कि संगठन आने वाले समय में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाएगा तथा पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाएगा। बैठक में मृत्युंजय कुमार, धर्मेन्द्र कुमार, आशीष कुमार आशीष पांडेय, अवध किशोर तिवारी ,सुजय प्रकाश पाण्डेय, आदि पत्रकार उपस्थित रहे।