आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन के लिए गुरनूर बरार को मिली चेतावनी - सरस जनवाद

आईसीसी आचार संहिता उल्लंघन के लिए गुरनूर बरार को मिली चेतावनी

Share

नई दिल्ली, 16 जुलाई । भारत के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को इंग्लैंड के खिलाफ बर्मिंघम में 14 जुलाई को खेले गए पहले एकदिवसीय मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने उन्हें लेवल-1 के उल्लंघन का दोषी मानते हुए आधिकारिक चेतावनी जारी की है।

आईसीसी के गुरुवार को कहा कि गुरनूर बरार ने खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहयोगी स्टाफ के लिए निर्धारित आचार संहिता के अनुच्छेद 2.9 का उल्लंघन किया, जो अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान किसी खिलाड़ी की ओर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद फेंकने से संबंधित है। इसके अलावा बरार के अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला उल्लंघन है।

यह घटना इंग्लैंड की पारी के आठवें ओवर में हुई। फील्डिंग के दौरान गुरनूर बरार ने गेंद उठाकर बल्लेबाज की दिशा में अनुचित और खतरनाक तरीके से फेंक दी थी। मैदान पर मौजूद अंपायर कुमार धर्मसेना और माइक बर्न्स, तीसरे अंपायर सैम नोगाज्स्की तथा चौथे अंपायर रसेल वॉरेन ने बरार के खिलाफ आरोप लगाया था।

मैच रेफरी रिची रिचर्डसन (एमिरेट्स आईसीसी एलीट पैनल) की ओर से प्रस्तावित सजा को बरार ने स्वीकार कर लिया और अपना दोष भी मान लिया। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी।

आईसीसी के नियमों के अनुसार लेवल-1 के उल्लंघन पर न्यूनतम सजा आधिकारिक फटकार होती है, जबकि अधिकतम सजा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना और एक या दो डिमेरिट अंक हो सकती है।