एसआईआर में 6.21 लाख वोटर डिजिटाइज्ड, 1.34 लाख वोटर अप्रमाणित - सरस जनवाद

एसआईआर में 6.21 लाख वोटर डिजिटाइज्ड, 1.34 लाख वोटर अप्रमाणित

Share

रामगढ़, 30 जुलाई । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार रामगढ़ जिले में चलाए गए मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। इस अभियान के दौरान जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों बड़कागांव एवं रामगढ़ में मतदाता गणना प्रपत्र के वितरण, संग्रहण, डिजिटाइजेशन एवं अप्रमाणित प्रपत्रों के वर्गीकरण का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया गया। डीसी ऋतुराज ने गुरुवार को बताया कि जिले में कुल 7,55,455 मतदाता हैं। इनमें सभी 7,55,455 मतदाता गणना प्रपत्र मुद्रित किए गए तथा प्रपत्रों का वितरण किया गया। अभियान के दौरान 6,21,238 प्रपत्रों का सफलतापूर्वक डिजिटाइजेशन किया गया। शेष 1,34,217 अप्रमाणित प्रपत्र का विस्तृत वर्गीकरण किया गया।

इन अप्रमाणित प्रपत्रों में 19,800 मृत मतदाता, 55,014 स्थायी रूप से अन्यत्र स्थानांतरित, 12,437 पहले से अन्य स्थान पर नामांकित, 46,198 अनुपस्थित तथा 768 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं। इस प्रकार जिले के 100 प्रतिशत मतदाताओं का कवरेज सुनिश्चित किया गया है।

बड़कागांव विधानसभा का विस्तृत विवरण

बड़कागांव विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,90,873 मतदाता हैं। यहां 3,90,867 प्रपत्रों का वितरण किया गया तथा प्रपत्र डिजिटाइज किए गए। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 75,167 वोटर अप्रमाणित दर्ज किए गए। जिनमें 10,344 मृत, 38,756 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 7,227 पहले से नामांकित, 18,472 अनुपस्थित एवं 368 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।

रामगढ़ विधानसभा का विस्तृत विवरण

रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,64,582 मतदाता हैं। यहां 3,64,490 प्रपत्रों का वितरण किया गया तथा प्रपत्र डिजिटाइज किए गए। इस विधानसभा क्षेत्र में कुल 59,050 वोटर अप्रमाणित दर्ज किए गए। जिनमें 9,456 मृत, 16,258 स्थायी रूप से स्थानांतरित, 5,210 पहले से नामांकित, 27,726 अनुपस्थित एवं 400 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं।