राजगढ़ः साबरमती एक्सप्रेस में तबीयत बिगड़ने से यात्री की मौत, जांच शुरू - सरस जनवाद

राजगढ़ः साबरमती एक्सप्रेस में तबीयत बिगड़ने से यात्री की मौत, जांच शुरू

Share

राजगढ़, 02 जुलाई । मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में अहमदाबाद से वाराणसी जा रही साबरमती एक्सप्रेस में सफर कर रहे 33 वर्षीय युवक की गुरुवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर जीआरपी ने युवक को ब्यावरा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपते हुए जीरो पर मर्ग कायम कर संबंधित थाना क्षेत्र को जांच के लिए प्रकरण भेज दिया।

जीआरपी के अनुसार मृतक की पहचान धर्मेंद्र (33) पुत्र मोतीचंद पटेल निवासी आराजी देवरा, जिला आजमगढ़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद में अपने चचेरे भाई जामन और भांजे योगेश के साथ रहकर बिल्डिंग निर्माण कार्य करता था। परिजनों के अनुसार धर्मेंद्र की तबीयत खराब होने पर वह बुधवार शाम अहमदाबाद से साबरमती एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में सवार होकर अपने घर लौट रहा था। यात्रा के दौरान सारंगपुर रेलवे स्टेशन के पास जब चचेरे भाई ने उसे जगाने की कोशिश की तो वह बेसुध मिला। इसके बाद रेलवे हेल्पलाइन 139 पर सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी ने ट्रेन को ब्यावरा स्टेशन पर अटेंड किया और युवक को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो सकेंगे।