नई दिल्ली, 06 जुलाई । केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के धन के कथित गबन से जुड़े चार मामलों में सोमवार को 11 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में 26 स्थानों पर छापेमारी अभियान चलाया। यह कार्रवाई जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, महाराष्ट्र, असम, अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड में की गई।
सीबीआई के अनुसार मामले लद्दाख के प्रोजेक्ट विजयक और प्रोजेक्ट योजक में कैजुअल मजदूरों की तैनाती और फर्जी मजदूरों के नाम पर भुगतान जारी किए जाने से संबंधित हैं। रक्षा मंत्रालय की ओर से दर्ज कराई गई शिकायतों के आधार पर इन मामलों की जांच शुरू की गई। शिकायतें बीआरओ के तकनीकी अधिकारियों के बोर्ड द्वारा की गई आंतरिक जांच के बाद दर्ज कराई गई थीं।
जांच एजेंसी ने बताया कि मामलों में सरकारी धन के गबन, धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और आपराधिक साजिश के आरोप शामिल हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत आपराधिक कदाचार और रिश्वतखोरी से जुड़े आरोप भी लगाए गए हैं।
सीबीआई ने चारों प्राथमिकी में लेफ्टिनेंट कर्नल, मेजर और इंजीनियर स्तर के कुल 10 अधिकारियों के साथ कुछ निजी व्यक्तियों को भी आरोपित बनाया है। तलाशी के दौरान कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए गए हैं।
सीबीआई ने कहा कि मामले की जांच जारी है और सभी पहलुओं की व्यापक पड़ताल की जा रही है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया कि इन मामलों की जांच जल्द से जल्द पूरी करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।