औरैया : नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण, चौपाल में स्वास्थ्य व पोषण का दिया संदेश - सरस जनवाद

औरैया : नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण, चौपाल में स्वास्थ्य व पोषण का दिया संदेश

Share

औरैया, 11 जुलाई । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में विकासखंड अजीतमल की ग्राम पंचायत डेरा बंजारन के ग्राम पृथ्वीपुर में शनिवार को नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का विधि-विधान के साथ लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान पूजा गौतम, ग्राम विकास अधिकारी रविंद्र कुशवाहा एवं बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग की प्रभारी अधिकारी कुमारी छाया ने मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया। इसके बाद फीता काटकर भवन का उद्घाटन किया गया।

लोकार्पण के उपरांत आंगनवाड़ी परिसर में चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीणों, गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं अभिभावकों को ‘संभव अभियान’ के छठवें चरण के अंतर्गत स्वास्थ्य, पोषण और मातृ-शिशु कल्याण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं और बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण उपलब्ध कराना तथा कुपोषण को समाप्त करने के साथ प्रत्येक पात्र परिवार तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

चौपाल में बालक और बालिका के बीच समानता का संदेश देते हुए दोनों को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और संस्कार के समान अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया। साथ ही प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी देकर पात्र महिलाओं से योजना का लाभ लेने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान “मां के नाम एक पेड़” अभियान के तहत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उपस्थित लोगों से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प दिलाया गया।

इस अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र पर 24 बच्चों की लंबाई और वजन की जांच कर उनके पोषण स्तर का आकलन किया गया। साथ ही छोटे बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया।

कार्यक्रम में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि, ग्राम विकास अधिकारी रविंद्र कुशवाहा, प्रभारी अधिकारी कुमारी छाया, आंगनवाड़ी कार्यकत्रियां, गर्भवती महिलाएं, किशोरियां, अभिभावक, बच्चे तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।