हिमाचल में 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले, बिलासपुर, कांगड़ा, देहरा और नूरपुर के एसपी बदले

Share

शिमला, 22 जून । हिमाचल प्रदेश सरकार ने पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 8 आईपीएस व 2 एचपीएस अफसरों के तबादले किये हैं। इनमें चार पुलिस जिलों के एसपी बदले गए हैं। सरकार के आदेशों के अनुसार बिलासपुर, कांगड़ा, देहरा और नूरपुर को नए पुलिस अधीक्षक (एसपी) मिले हैं। कुल मिलाकर वरिष्ठ स्तर पर आईजी रैंक समेत कुल 10 पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियां की गई हैं।

जारी आदेशों के मुताबिक बिलासपुर के एसपी रहे संदीप कुमार धवल को पुलिस जिला देहरा का नया एसपी बनाया गया है। उनकी जगह 2021 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक को बिलासपुर का एसपी नियुक्त किया गया है। अभिषेक अभी तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शिमला के पद पर तैनात थे।

नूरपुर पुलिस जिले के एसपी एचपीएस अधिकारी कुलभूषण वर्मा को अब कांगड़ा जिले का एसपी नियुक्त किया गया है। वह एसटीएफ धर्मशाला जोन के एसपी का अतिरिक्त कार्यभार भी संभालेंगे। कांगड़ा के एसपी अशोक रतन को पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी (लीव रिजर्व) लगाया गया है।

वहीं देहरा के एसपी मयंक चौधरी को पुलिस मुख्यालय शिमला में एसपी (लीव रिजर्व) नियुक्त किया गया है। उनकी जगह संदीप कुमार धवाल को देहरा भेजा गया है। दूसरी ओर विदेश अध्ययन अवकाश से लौटने के बाद नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहीं आईपीएस अधिकारी इल्मा अफरोज को नूरपुर पुलिस जिले का नया एसपी बनाया गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। 2006 बैच के आईपीएस अधिकारी अभिषेक दुलर को आईजीपी कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज, हमीरपुर से स्थानांतरित कर आईजीपी (लॉ एंड ऑर्डर), शिमला नियुक्त किया गया है। उन्हें आईजीपी आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग, दरोह का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।

2008 बैच के आईपीएस अधिकारी डॉ. डी.के. चौधरी को आईजीपी आर्म्ड पुलिस एंड ट्रेनिंग, दरोह से आईजीपी कम्युनिकेशन एंड टेक्निकल सर्विसेज, हमीरपुर भेजा गया है।

इसके अलावा 2022 बैच के आईपीएस अधिकारी गौरवजीत सिंह, जो नादौन में एसडीपीओ के पद पर तैनात थे, उन्हें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, शिमला नियुक्त किया गया है।

एचपीपीएस अधिकारियों में 2007 बैच के अधिकारी रमन शर्मा को, जो पुलिस मुख्यालय में नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे थे, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (उत्तरी रेंज) धर्मशाला का एसपी बनाया गया है।

मुख्य सचिव कमलेश कुमार पंत द्वारा जारी आदेशों के अनुसार यह सभी तबादले और नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई हैं।