मुरादाबाद, 19 जून । उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) ने वर्ष 2026-27 सत्र के लिए अंडर-23 महिला क्रिकेट खिलाड़ियों के चयन ट्रायल की घोषणा कर दी है। इनका ट्रायल का 21 जून को कानपुर में हाेगा।
उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के निदेशक व डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स एसोसिएशन मुरादाबाद के सचिव व पूर्व रणजी खिलाड़ी विजय गुप्ता एडवोकेट ने शुक्रवार को बताया कि एसोसिएशन द्वारा जारी पत्र के अनुसार ट्रायल का आयोजन 21 जून को कानपुर स्थित कमला क्लब मैदान में किया जाएगा। यूपीसीए से संबद्ध विभिन्न जिला क्रिकेट संघों को भेजे गए निर्देशों में कहा गया है कि वह अपने-अपने जनपदों की पात्र महिला खिलाड़ियों को निर्धारित तिथि पर ट्रायल में भाग लेने के लिए भेजें।
यूपीसीए के निदेशक विजय गुप्ता ने आगे बताया कि खिलाड़ियों को 21 जून को सुबह सात बजे तक कमला क्लब, कानपुर पहुंचना होगा। यूपीसीए के अनुसार ट्रायल मुकाबले सफेद क्रिकेट किट में खेले जाएंगे तथा रेड बॉल का उपयोग किया जाएगा।