धमतरी, 20 जून । जिले को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपित को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हेरोइन, मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और नगदी सहित लगभग 2.30 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति पीजी कालेज ग्राउंड के पास हेरोइन रखकर बिक्री करने की फिराक में है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर संदेही मुकेश कुमार साहू उर्फ बोनसी (40 वर्ष), निवासी बस स्टैंड के पीछे रायपुर तथा वर्तमान पता सोरिद नगर डीपोपारा धमतरी, को हिरासत में लिया। वैधानिक प्रक्रिया के तहत तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4.76 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 90 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन, 20 हजार रुपये नगद तथा लगभग 1.10 लाख रुपये कीमत की मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 2.30 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है तथा शनिवार काे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में हेरोइन की खरीद-फरोख्त और उसके स्रोत से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी मिली है, जिसके आधार पर पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की किसी भी प्रकार की सूचना तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के भविष्य को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों और सौदागरों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।