जींद, 17 मई । सदर थाना पुलिस ने बाड़ा बीड़ वन में शनिवार को हांसी ब्रांच नहर के निकट पुलिस मुठभेड़ मे गोली लगने से घायल हुए तीनों बदमाशो के खिलाफ जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है। तीनों बदमाश नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन हैं। रविवार को तीनों बदमाशों को नागरिक अस्पताल के कैदी वार्ड में शिफट कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
डिटेक्टिव स्टाफ के एएसआई समरजीत ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव रामराये की तरफ हांसी ब्रांच नहर पुल बड़ा बीड में पेड़ के नीचे तीन हथियारबंद बदमाशा शराब पी रहे हंै। सूचना के आधार पर पुलिस तीनों बदमाशों को पुलिस ने घेर लिया। बदमाशों ने सरंेडर करने की बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। जिसमें दो बदमाशों के पांव में गोली लगने से घायल हो गए। जबकि एक धरपकड़ के दौरान घायल हो गया।
गोली लगने से घायल बदमाशों की पहचान गांव कलोई निवासी भगता, गांव निडाना निवासी अक्षय तथा गिरने से घायल बदमाश की पहचान गांव करेला निवासी अंकित के रूप में हुई। तीनों घायल बदमाशों को नागरिक अस्पताल में पुलिस सुरक्षा के बीच भर्ती करवाया गया है। तीनों पर अपराधिक मामले दर्ज हैं। सदर थाना के जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने समरजीत की शिकायत पर तीनों के खिलाफ जानलेवा हमला करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने, शस्त्र अधिनियम समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज किया है।