पेरिस, 30 मई । फ्रेंच ओपन 2026 में उलटफेरों का सिलसिला जारी है। विश्व टेनिस के दिग्गज और 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच का रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने का सपना शुक्रवार को टूट गया, जब उन्हें तीसरे दौर में ब्राजील के 19 वर्षीय युवा खिलाड़ी जोआओ फोन्सेका ने पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में 4-6, 4-6, 6-3, 7-5, 7-5 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।
करीब पांच घंटे तक चले इस मुकाबले में जीत दर्ज कर फोन्सेका ने इतिहास रच दिया। वह ग्रैंड स्लैम मुकाबले में जोकोविच को हराने वाले पहले किशोर खिलाड़ी बन गए। इस जीत के साथ उन्होंने खुद को भविष्य के बड़े दावेदारों में शामिल कर लिया है।
जोकोविच की हार का मतलब है कि 39 वर्षीय सर्बियाई खिलाड़ी को अब भी मार्गरेट कोर्ट के 25 ग्रैंड स्लैम खिताबों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ने का इंतजार करना पड़ेगा। एक दिन पहले ही विश्व नंबर एक यानिक सिनर के बाहर होने के बाद यह परिणाम पेरिस में खिताब की दौड़ को और खुला बना गया है।
मैच के बाद भावुक फोन्सेका ने कहा,”मुझे सच कहूं तो विश्वास नहीं था कि मैं यह मुकाबला जीत सकता हूं। मैं सिर्फ कोर्ट पर जाकर खेल का आनंद लेना चाहता था। जोकोविच जैसे महान खिलाड़ी के खिलाफ खेलना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैं बेहद खुश हूं।”
उन्होंने आगे कहा,”मैं हर गेंद को पूरी ताकत से मारने की कोशिश कर रहा था। जोकोविच शायद ही कोई गलती करते हैं और आज भी उनकी फिटनेस अद्भुत है। मैच के अंत में वह मुझसे ज्यादा फिट नजर आ रहे थे।”
फोन्सेका ने यह ऐतिहासिक जीत अपनी मां को समर्पित की, जिनका उसी दिन जन्मदिन था और वे दर्शक दीर्घा में मौजूद थीं।
शुरुआती दो सेटों में जोकोविच का दबदबा
एक सप्ताह पहले ही 39 वर्ष के हुए जोकोविच ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की। उन्होंने पहले सेट में शुरुआती छह में से पांच गेम जीतकर युवा प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बना दिया। शानदार लॉब, दमदार फोरहैंड और बेहतरीन ड्रॉप शॉट्स की मदद से उन्होंने पहला सेट अपने नाम किया।
दूसरे सेट में भी फोन्सेका ने संघर्ष किया, लेकिन पांचवें गेम में सर्विस गंवाने के बाद जोकोविच ने बढ़त मजबूत कर ली और सेट जीतकर मुकाबले में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली।
फोन्सेका की जबरदस्त वापसी
दो सेट पीछे होने के बावजूद फोन्सेका ने हार नहीं मानी। तीसरे सेट में उन्होंने आक्रामक खेल दिखाते हुए वापसी की और एक सेट अपने नाम किया।
चौथे सेट में भी ब्राजीलियाई खिलाड़ी ने शानदार प्रदर्शन जारी रखा। उन्होंने शुरुआती ब्रेक हासिल किया और लगातार आक्रामक शॉट्स खेलते हुए मुकाबला दो-दो सेट की बराबरी पर पहुंचा दिया।
निर्णायक पांचवें सेट में जोकोविच ने 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन फोन्सेका ने धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय देते हुए वापसी की। 5-5 की बराबरी के बाद उन्होंने महत्वपूर्ण ब्रेक हासिल कर 6-5 की बढ़त बनाई और फिर लगातार तीन ऐस लगाकर मैच अपने नाम कर लिया।
फोन्सेका ने मुस्कुराते हुए कहा,
“मुझे खुद भी विश्वास नहीं हो रहा कि अंत में मैंने लगातार तीन ऐस लगाए। ऐसा मैंने पहले कभी नहीं किया था। उस समय मैं खुद को जॉन इस्नर जैसा महसूस कर रहा था।”
पहली बार मिलेगा नया ग्रैंड स्लैम चैंपियन
फ्रेंच ओपन 2026 में अब नया पुरुष एकल चैंपियन मिलना तय है। गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज़ कलाई की चोट के कारण टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले सके, जबकि विश्व नंबर एक यानिक सिनर और अब नोवाक जोकोविच भी बाहर हो चुके हैं।
फोन्सेका अब अगले दौर में टॉमी पॉल और कैस्पर रूड के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से भिड़ेंगे।