सारण, 17 मई । वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में सारण पुलिस ने जिले भर में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और कारोबारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विशेष छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 22 अवैध शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही, शराब बनाने में प्रयुक्त होने वाले लगभग 30,390 लीटर अर्धनिर्मित शराब को मौके पर ही विनष्ट कर दिया गया।
इस सघन चेकिंग और छापामारी के दौरान पुलिस टीम ने कुल 847.52 लीटर अवैध शराब भी जप्त की है, जिसमें 806.60 लीटर देशी और 40.92 लीटर विदेशी शराब शामिल है। पुलिस ने इस धंधे में संलिप्त 7 धंधेबाजों को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जिले से शराब माफियाओं के सफाए के लिए यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि अवैध शराब से जुड़ी किसी भी जानकारी को जिला नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 9031036406 पर तुरंत साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।