अररिया 30 मई। विश्व तम्बाकू निषेध दिवस पर शनिवार को जिला अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। वर्ष की थीम अनमास्क द अपील काउंटरिंग टोबैको एंड निकोटिन एडिक्शन के अंतर्गत लोगों को तम्बाकू एवं निकोटीन उत्पादों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर सदर अस्पताल एवं प्लस टू बालिका उच्च विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम के साथ रैली एवं शपथग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ के. के. कश्यप, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ.जमील अहमद,डीपीएम संतोष कुमार, डीपीसी राकेश कुमार, कैंसर स्क्रीनिंग टीम से डॉ साइना एवं डॉ मैत्रेयी, पिरामल फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर संजय कुमार झा और राष्ट्रीय तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम में कार्यरत मनोवैज्ञानिक शुभम कुमार और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भाग लिया।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बताया कि तम्बाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग, स्ट्रोक तथा अनेक गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। युवाओं में बढ़ते निकोटीन एवं ई-सिगरेट के उपयोग पर चिंता व्यक्त करते हुए उन्हें नशे की लत से दूर रहने का संदेश दिया गया।प्रतिभागियों ने तम्बाकू मुक्त जीवन अपनाने तथा अपने परिवार एवं समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।