जिलिंगा जंगल से पीएलएफआई के दो उग्रवादी हथियार के साथ गिरफ्तार

Share

खूंटी, 09 मई । पुलिस अधीक्षक (एसपी) को मिली गुप्त सूचना के आधार पर खूंटी पुलिस ने शनिवार को जिलिंगा जंगल में छापेमारी कर प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की।

गिरफ्तार आरोपितों में रनिया थानांतर्गत निचितपुर गांव के मूल निवासी राजू स्वांसी (32) और उड़िकेल बड़का टोली निवासी कुलन कोनगाड़ी (27) शामिल हैं। आरोपितों के पास से दो देशी कट्टा और दो जिंदा गोलियां बरामद की गई हैं। मामले में खूंटी थाना में मामला दर्ज करते हुए अन्य फरार आरोपितों की तलाश में छापेमारी जारी है।

यह जानकारी पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शनिवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। एसपी ने बताया कि उन्हें यह सूचना मिली थी कि जिलिंगा जंगल में पीएलएफआई संगठन के सदस्य किसी बड़ी घटना को अंजाम देने, संगठन विस्तार करने और क्षेत्र में लेवी वसूली के उद्देश्य से एकत्रित हुए हैं। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जिलिंगा जंगल क्षेत्र से उक्त दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।

वहीं, तीन-चार अन्य उग्रवादी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। तलाशी के क्रम में दोनों आरोपितों के पास से एक-एक लोडेड देशी कट्टा और 08 एमएम की दो जिंदा गोलियां बरामद की गईं।

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपितों ने खुद को पीएलएफआई संगठन के सक्रिय सदस्यों का सहयोगी बताया। उन्होंने स्वीकार किया कि वे संगठन के निर्देश पर लेवी वसूली में सहयोग करते थे।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित कुलन कोनगाड़ी के खिलाफ तोरपा और रनिया थाना में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें मारपीट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, 17 सीएलए से जुड़े संगीन मामले शामिल हैं।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक, परिक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक राम प्रवेश कुमार, खूंटी थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह, कर्रा थाना प्रभारी दीपक कांत कुमार, रनिया थाना प्रभारी श्यामल कुंभकार समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।