बुलेट के साइलेंसर से तेज आवाज करने से रोकना पुलिस को पड़ा भारी, अलवर में थाने पर पथराव - सरस जनवाद

बुलेट के साइलेंसर से तेज आवाज करने से रोकना पुलिस को पड़ा भारी, अलवर में थाने पर पथराव

Share

अलवर, 07 मई । जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बुलेट बाइक के साइलेंसर से पटाखे जैसी आवाज निकाल स्टंट कर रहे कुछ युवकों को रोकना पुलिस को भारी पड़ गया। पुलिस द्वारा कार्रवाई किए जाने के बाद आक्रोशित भीड़ ने थाने पर पथराव कर दिया। घटना में थाना अधिकारी धर्म सिंह सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे दो युवक बुलेट बाइक पर स्टंट करते हुए साइलेंसर से पटाखों जैसी तेज आवाजें निकाल रहे थे। इससे परेशान ग्रामीणों ने इसकी शिकायत गोविंदगढ़ थाना पुलिस से की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को ऐसा करने से रोका। इस दौरान दोनों युवक पुलिसकर्मियों से उलझ गए।

पुलिस दोनों युवकों की बुलेट बाइक जब्त कर थाने ले आई। बाइक जब्त किए जाने से नाराज होकर करीब 100 से अधिक लोग थाने पहुंच गए और अचानक पथराव शुरू कर दिया। आरोप है कि भीड़ ने पुलिस पर लाठी-डंडों से भी हमला किया तथा पुलिस वाहन के शीशे तोड़ दिए।

घटना में थाना अधिकारी धर्म सिंह समेत चार पुलिसकर्मी घायल हो गए। पथराव के बाद थाने परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जगह-जगह खून के निशान दिखाई दिए।

मामले को लेकर एडिशनल एसपी प्रियंका रघुवंशी ने बताया कि घटना के बाद करीब 20 लोगों को हिरासत में लिया गया है। वहीं वीडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल एहतियात के तौर पर थाने पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।