मकोका मामले में भगोड़ा नवाज कक्कट इस्माइल को 10 दिनों की पुलिस हिरासत

Share

नई दिल्ली, 05 मई । दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने ठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े मकोका के मामले में संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पण कर भारत लाये गए मोहम्मद नवाज कक्कट इस्माइल को दस दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट ने इस्माइल को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया था।

केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) इस्माइल को संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पण कराकर 4 मई को इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट लेकर आई थी, जहां से दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। दिल्ली पुलिस ने सीबीआई से अनुरोध कर इंटरपोल के जरिये इस्माइल के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी करवाया था। इस्माइल पर सरकारी अधिकारी बनकर वसूली करने, फर्जीवाड़ा, गबन, जालसाजी और संगठित अपराध गिरोह का हिस्सा बनकर काम करने का आरोप है।

इस्माइल 2021 से दुबई में रह रहा था। इस्माइल को दुबई में ज्यादा दिनों तक रहने की वजह से गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस ने इस्माइल को गिरफ्तार किए बिना ही चार्जशीट दाखिल की थी। दिल्ली पुलिस ने कोर्ट से इस्माइल के खिलाफ गैर जमानती वारंट हासिल किया था।

दिल्ली पुलिस ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ दूसरे मामलों के अलावा मकोका भी लगाया है। इसी मामले में इस्माइल को भी प्रत्यर्पित कर लाया गया है। दिल्ली पुलिस का आरोप है कि आरोपितों ने गलत कमाई का पैसा छिपाने के लिए हवाला और शेल कंपनियों का इस्तेमाल किया। आज ही दिल्ली उच्च न्यायालय ने सुकेश चंद्रशेखर की पत्नी की मकोका के मामले में दायर जमानत याचिका खारिज कर दी, जबकि मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जमानत दे दी।