पौड़ी गढ़वाल, 30 मई । कभी नशामुक्ति जैसे गंभीर विषय पर बच्चों से संवाद स्थापित करना एक बड़ी चुनौती माना जाता था, लेकिन पौड़ी में एक रचनात्मक पहल ने इस चुनौती को अवसर में बदल दिया है।
मुख्यमंत्री पुष्करी सिंह धामी के नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन तथा डायट पौड़ी द्वारा तैयार की गयी नशामुक्ति आधारित कॉमिक्स अनमोल जीवन अब बच्चों के बीच जागरुकता की नयी अलख जगाएगी।
शनिवार को जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, मुख्य शिक्षाधिकारी व अन्य अधिकारियों द्वारा इस कॉमिक्स का विमोचन जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया। इसके बाद जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं को इसका वितरण शुरू किया गया। बच्चों ने न केवल कॉमिक्स को उत्साहपूर्वक पढ़ा, बल्कि उसकी कहानियों और पात्रों पर चर्चा करते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प भी लिया।
जिलाधिकारी ने बताया कि रंग-बिरंगे चित्रों, रोचक पात्रों और बच्चों की दुनिया से जुड़ी कहानियों से सजी यह कॉमिक्स विशेष रूप से छोटे बच्चों को मद्देनजर रखकर तैयार की गयी है। उन्होंने कहा कि जहां सामान्यतः नशे के दुष्प्रभावों पर होने वाली चर्चाएं बच्चों को गंभीर लगती थीं, वहीं “अनमोल जीवन” ने उसी संदेश को सरल, सहज और प्रभावशाली ढंग से उनके मन तक पहुंचाया है। कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों से संवाद किया।
बच्चों ने बताया कि वे पहले से ही विद्यालयों में आयोजित नशामुक्ति से जुड़े भाषण, निबंध प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और जागरुकता कार्यक्रमों में भाग लेते रहे हैं, लेकिन कॉमिक्स के माध्यम से मिला संदेश उन्हें अधिक प्रभावी और यादगार लगा। डीएम ने बताया कि कॉमिक्स में 10 प्रेरक कहानियां शामिल की गई हैं, जिन्हें विभिन्न लेखकों ने बच्चों की मनोवृत्ति और सामाजिक परिवेश को ध्यान में रखकर लिखा है।
इसकी विशेषता यह भी है कि इसमें क्यूआर कोड के माध्यम से ई-बुक और वीडियो क्लिप की सुविधा उपलब्ध है। बच्चे कहानियों के पात्रों को रोल-प्ले के माध्यम से जीवंत कर सकते हैं, जिससे सीखने की प्रक्रिया और अधिक रोचक बन जाती है।
डीएम ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस तक जनपद के सभी विद्यालयों में नशा मुक्ति थीम पर रोल-प्ले, स्किट (लघु नाटिका) एवं स्टोरी टेलिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरुक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना व समाज में नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश प्रसारित करना है।
डायट के प्राचार्य स्वराज तोमर ने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए बचपन से ही सही दिशा और सकारात्मक सोच विकसित करना जरूरी है। “अनमोल जीवन” इसी सोच को मजबूत करने का प्रयास है, जो बच्चों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित कर रही है।
मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना ने कहा कि यह पहल केवल एक कॉमिक्स वितरण कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आने वाली पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने और उन्हें सकारात्मक जीवन मूल्यों से जोड़ने का सशक्त अभियान है। विद्यालयों में कॉमिक्स आधारित चर्चाएं, समूह गतिविधियां और संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, जिससे विद्यार्थी, अभिभावक और शिक्षक सभी इस अभियान का हिस्सा बन सकें।
जिला शिक्षाधिकारी (माध्यमिक) रणजीत सिंह नेगी ने बताया कि रा.इ.का. पौड़ी, रा.क.इ.का. पौड़ी, मेसमोर इंटर कॉलेज, डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय नंबर-11 तथा जूनियर हाईस्कूल गडोली सहित अनेक विद्यालयों में कॉमिक्स का वितरण किया गया। कई बच्चों ने बताया कि कॉमिक्स की कहानियां उन्हें अपने आसपास की वास्तविक परिस्थितियों से जुड़ी हुई महसूस हुईं, जिससे वे आसानी से समझ पाए कि नशा किस प्रकार व्यक्ति, परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
इस अवसर पर एडीएम एफआर चौहान, पूर्व एडीएम अनिल गर्ब्याल, खंड शिक्षाधिकारी मास्टर आदर्श, डॉ हरिशंकर डिमरी, विनय किमोठी, विनय ममगांईं आदि शामिल रहे।