सूरजपुर, 23 मई । कलेक्टर रेना जमील ने शनिवार को रामानुजनगर विकासखंड का दौरा कर विभिन्न निर्माणाधीन कार्यों और शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों, स्वास्थ्य सुविधाओं और जनहित योजनाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कृष्णपुर परिसर में पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाए जा रहे नवीन भवन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने तय समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों की संख्या के अनुसार पर्याप्त शौचालय निर्माण कराने को कहा। उन्होंने एसडीओ आरईएस मीनू मंडल को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्य मंदिर देवनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने आयुष्मान कार्ड की प्रगति, चिकित्सकों की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पुरुष और महिला वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों से चर्चा की तथा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। गर्मी को देखते हुए उल्टी-दस्त जैसी मौसमी बीमारियों के उपचार के लिए पर्याप्त दवाइयां रखने को कहा। साथ ही ग्रामवार सूची बनाकर आयुष्मान कार्ड निर्माण और अपडेट कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र, महतारी सदन और सामुदायिक शौचालय भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित फल दुकान का जायजा लेकर महिलाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया।
रामानुजनगर पुस्तकालय भवन के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सदस्यता प्रणाली शुरू करने, बच्चों के आईडी कार्ड बनाने और साफ-सफाई बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही शौचालय निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा।
उन्होंने आदर्श डिजिटल सेवा केंद्र पहुंचकर महतारी वंदन योजना के तहत केवाईसी कराने आई महिलाओं से चर्चा की और योजना की राशि के उपयोग की जानकारी ली। इसके अलावा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामानुजनगर का निरीक्षण कर मरीजों और अस्पताल स्टाफ से बातचीत की तथा अस्पताल भवन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
दौरे के दौरान कलेक्टर ने पंचायत द्वारा किए जा रहे कंटूर ट्रेंच, ब्लॉक प्लांटेशन और वाटर रिचार्ज कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की।