फतेहाबाद, 05 मई । हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने कहा कि मां, टीचर व पुलिस बेटियों की बेस्ट फ्रेंड होती हैं, ऐसे में आपसे गलती से भी गलती हो जाए तो उस गलती का सुधार अपनी बेस्ट फ्रेंड से सांझा करके किया जा सकता है। उन्होंने बेटियों को प्रेरित किया कि आप किसी भी रूप से अपना, अपने परिवार का नाम बदनाम न होने दें बल्कि शिक्षा, खेल सहित अन्य उल्लेखनीय गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए अपना, अपने परिवार, गांव, शहर का सम्मान बढ़ाएं। महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया मंगलवार को शहर फतेहाबाद के पीएम श्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में पोक्सो एक्ट सहित बेटियों को कानूनी अधिकारों व साइबर क्राइम से सावधान रहने के लिए आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि बोल रही थी। चेयरपर्सन ने दीप प्रज्ज्वलन के साथ विधिवत रूप से जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय प्रांगण में लगी जागरूकता प्रदर्शनी का चेयरपर्सन ने अवलोकन किया और सेल्फी पॉइंट पर बेटियों संग सामूहिक चित्र लेकर उन्हें प्रेरित भी किया। रेणु भाटिया ने कहा कि अब बेटियां बदल रही हैं। सशक्त हो रही हैं हमारी बेटियां। ऐसे में बेटियां या महिलाएं किसी भी रूप से असुरक्षित महसूस न हों इसलिए आयोग इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन कर उन्हें जागरूक कर रहा है। उन्होंने उदाहरण से बेटियों को समाज में अपना वर्चस्व कायम करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, डीईओ संगीता बिश्नोई, पीओ आईसीडीएस कविता, डीआईपीआरओ दिनेश कुमार व सीडब्ल्यूसी अध्यक्ष चारु, एसएचओ साइबर राहुल देव व एसआई सतीश कुमार सहित विद्यालय स्टाफ सदस्यगण व छात्राएं मौजूद रही। बता दें कि रेणु भाटिया मंगलवार को फतेहाबाद दौरे पर हैं।