भोपाल, 11 मई । मध्य प्रदेश शासन के मंत्री नारायण सिंह पंवार ने सोमवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेशभर से आए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा करते हुए कई समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान कराया।
मंत्री पंवार ने कहा कि जनता और कार्यकर्ताओं की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि आमजन से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब न हो और समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। संवाद के दौरान जिन समस्याओं का तत्काल निराकरण संभव नहीं हो सका, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई एवं शीघ्र समाधान के लिए प्रेषित किया गया।
पंवार ने कार्यकर्ताओं से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी कठिनाइयों को समझा और भरोसा दिलाया कि प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों ने मंत्री पंवार के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे।