बार काउंसिल चुनाव का पुनर्मतदान चार मई को

Share

जोधपुर, 03 मई । राजस्थान बार काउंसिल (बीसीआर) चुनाव-2026 के तहत चार मई को जयपुर (हाईकोर्ट व सेशन कोर्ट), जोधपुर और रायसिंहनगर (श्रीगंगानगर) में सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक पुनर्मतदान होगा। री-वोटिंग के लिए सुप्रीम कोर्ट द्वारा गठित हाई पावर्ड इलेक्शन कमेटी और रिटर्निंग अधिकारी ने सख्त दिशानिर्देश जारी किए हैं। बता दे कि गत 22 अप्रैल को अनियमितताओं व हंगामे के बाद कुछ पोलिंग बूथों पर मतदान को निरस्त कर दिया गया था।

चुनाव समिति के अनुसार राजस्थान हाईकोर्ट जयपुर पोलिंग बूथ पर सर्वाधिक 14,781 मतदाता हैं। यहां सुचारू मतदान के लिए एक विशेष निगरानी समिति का गठन किया गया है। पुराने एपीओ को हटाकर नए अधिकारियों की नियुक्ति की गई है। जयपुर में दो स्थानों पर वोटिंग होगी। वोटर लिस्ट में क्रमांक 1 से 6,613 (वर्ष 2021 तक नामांकित) तक के मतदाता सतीशचंद्र सभागार हॉल में अपना वोट डालेंगे। वहीं, क्रमांक 6,614 से 14,781 (वर्ष 2021 के बाद नामांकित) तक के मतदाता गेट नंबर 2 व 4 के बीच बेसमेंट पार्किंग में मतदान करेंगे। चुनाव क्षेत्र के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे और प्रत्याशियों के देखने के लिए डिस्प्ले स्क्रीन भी लगाई जाएगी।

चार मई को होने वाले मतदान के दौरान कोर्ट परिसर और चुनाव क्षेत्र में लॉ स्टूडेंट्स तथा गैर-मतदाताओं के प्रवेश और प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है। इलेक्शन कमेटी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई भी उम्मीदवार किसी लॉ स्टूडेंट या गैर-मतदाता को अपने प्रचार में शामिल करता है तो इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए उसकी उम्मीदवारी निलंबित या रद्द की जा सकती है। साथ ही संबंधित गैर-मतदाता के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।