जोधपुर, 12 मई । आकाशवाणी की स्थापना के 90 वर्ष होने के उपलक्ष्य में हो रहे विविध कार्यक्रमों की श्रृंखला में रेडियो की लोकप्रियता जन-जन में बढ़ाने के उद्देश्य से आज एक वॉक थोन का आयोजन किया गया।
आकाशवाणी जोधपुर के क्लस्टर प्रमुख और उप महानिदेशक राजेंद्र नाहर ने बताया कि वॉक थोन का आयोजन आकाशवाणी से मटकी चौराहा तक किया गया। इस दौरान आमजन को रेडियो की महत्ता बताई गई। इसी तरह 13 मई को एक कार्यक्रम जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय के बृहस्पति सभागार में आयोजित किया जाएगा। स्वरोत्सव शीर्षक से आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सुगम संगीत संध्या का आयोजन होगा जिसमें भजन और गजलों की सुमधुर प्रस्तुति आकाशवाणी से मान्यता प्राप्त कलाकारों द्वारा दी जाएगी।
कार्यक्रम में जोधपुर के जाने-माने भजन गायक अनूपराज पुरोहित भजन प्रस्तुत करेंगे। उनके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर गजल गायकी में पहचान बनाने वाले आमिर हुसैन अपनी दिलकश आवाज में गजलों की प्रस्तुति करेंगे। इनके साथ राजन द्वारका तबले पर और दीपक बोहरा बांसुरी पर संगत करेंगे। शाम सवा सात बजे से आयोजित होने वाली इस सुगम संगीत संध्या में प्रवेश आमंत्रण पत्रों पर आधारित रहेगा।