राजगढ़ः बारात में नाचते समय भगदड़, तीन युवक कुएं में गिरे, एक की मौत, दो घायल

Share

राजगढ़, 24 अप्रैल। मध्‍य प्रदेश के सुठालिया थाना क्षेत्र के ग्राम नादनपुर में एक बारात के दौरान नाचते समय अचानक भगदड़ मच गई। अफरा-तफरी में तीन युवक सड़क किनारे बने कुएं में जा गिरे, जिसमें एक 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई वहीं दो युवक गंभीर रुप से घायल हो गए। पुलिस ने शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच षुरु की।

पुलिस के अनुसार बीती रात बाराद्वारी राजगढ़ निवासी आलम तंवर की बारात सुठालिया के नादनपुर गांव में पहुंची थी, जहां बारात में नाचने के दौरान धक्का-मुक्की हो गई, जिसमें ग्राम छायन राजगढ़ निवासी कान्हा (25) पुत्र सर्जन सिंह गुर्जर, बाराद्वारी राजगढ़ निवासी राजेश (17) पुत्र भागीरथ मेवाड़े और रंजीत सौंधिया सड़क किनारे बने कुएं में गिर गए।

बारात में शामिल लोगों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को काफी मशक्कत के बाद कुएं से बाहर निकाला गया और तुरंत सुठालिया अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में कान्हा को राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से बारात का माहौल मातम में बदल गया।