भोपाल, 24 अप्रैल । भोपाल नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने मेट्रो प्रोजेक्ट में बाधा बन रही बरखेड़ी फाटक क्षेत्र की 7 दुकानों को तोड़ने की कार्रवाई की।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई सीएम हेल्पलाइन, महापौर हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण के साथ नियमित अभियान के तहत की गई।
निगम आयुक्त संस्कृति जैन के निर्देश पर अलग-अलग टीमों ने शहर के कई क्षेत्रों में अभियान चलाया। कोलार, न्यू मार्केट, साकेत नगर, इंद्रपुरी, अयोध्या बायपास, अशोका गार्डन, शाहजहांनाबाद, नादरा बस स्टैंड, गांधीनगर सहित विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में ठेले, अवैध जालियां, फुटपाथ पर लगी दुकानें, भवन निर्माण सामग्री और यातायात में बाधा बन रहे वाहन हटाए गए।
अभियान के दौरान साकेत नगर बीडीए कॉम्प्लेक्स और सेमरा क्षेत्र में अवैध चबूतरे तोड़े गए। कोलार आम्रविहार कॉलोनी में मकान के बाहर लगी लोहे की जाली हटाई गई।
बीमाकुंज से महाबली क्षेत्र तक दुकानों के बाहर रखे स्टैंड बोर्ड हटाए गए, जबकि सर्विस रोड पर रखी निर्माण सामग्री और कंडम वाहन भी हटवाए गए।
कार्रवाई के दौरान निगम ने 10 ठेले, 1 गन्ने की चरखी, 1 काउंटर, 1 पन्नी, 1 टेबल, 4 स्टूल, 1 बेंच सहित अन्य सामान जब्त किया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।