पूर्वी सिंहभूम, 28 अप्रैल । सिदगोड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी सिदगोड़ा स्थित विद्यापति डीवीसी क्षेत्र के पास की गई, जहां पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी।
बताया जाता है कि युवक पैदल जा रहा था, लेकिन जैसे ही उसकी नजर पुलिस वैन पर पड़ी, उसने तुरंत अपना रास्ता बदल लिया। उसके इस व्यवहार से पुलिस को संदेह हुआ और टीम ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से एक देशी पिस्टल और एक मैगजीन बरामद की गई।
इस पूरे मामले का खुलासा मंगलवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की पहचान मुन्ना वर्मा उर्फ सन्नी वर्मा के रूप में हुई है, जो मानगो के दाईगुट्टू कोवारी रोड नंबर एक का निवासी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपित का आपराधिक इतिहास रहा है। वह करीब दो वर्ष पहले पोटका थाना क्षेत्र में दर्ज आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
इस छापेमारी अभियान में सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद के नेतृत्व में एसआई सुशांत सुंडी, दानियल सांगा, एएसआई दामोदर उरांव, आरक्षी अरविंद कुमार सिंह, धर्मेंद्र सिंह तथा चालक होमगार्ड मनीष दुबे शामिल थे।