शिमला, 29 अप्रैल । शिमला जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक घर में दबिश देकर चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है और एक महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जुब्बल क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक रिहायशी मकान के कमरे से नशे की अवैध बिक्री हो रही है।
पुलिस के मुताबिक मंगलवार को रोहड़ू सब-डिवीजन की डिटेक्शन सेल की टीम गश्त और विशेष चेकिंग पर थी। इसी दौरान जुब्बल कैंची के पास उन्हें विश्वसनीय सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों को साथ लेकर बताए गए घर पर दबिश दी।
मौके पर कमरे के अंदर तीन लोग मौजूद मिले। उनकी पहचान विनय वर्मा (40) व पंकज (25) निवासी जुब्बल और पूजा (31) निवासी कोटखाई के रूप में हुई है। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में कमरे की तलाशी ली, जिसमें 20 ग्राम से अधिक चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस का कहना है कि यह नशा आरोपियों के कब्जे में पाया गया।
इस बरामदगी के बाद पुलिस थाना जुब्बल में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया और उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान का हिस्सा है। मामले की आगे जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की यह सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें और कौन लोग शामिल हो सकते हैं।