आठ लाख रुपये के सेब बेचकर फरार आरोपी 13 साल बाद गिरफ्तार

Share

शिमला, 14 अप्रैल । जिला शिमला में फरार आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शिमला पुलिस को एक अहम सफलता मिली है। पुलिस ने करीब 13 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को पंजाब के पटियाला से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर सेब की खेप बेचकर विश्वासघात करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार न्यायालय एलडी-सीजेएम शिमला ने 15 अक्तूबर 2013 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 407 और 120(बी) के अंतर्गत आरोपी बलजींदर सिंह उर्फ सोनू, पुत्र साहिब सिंह, निवासी गांव बादशाहपुर, गांव क्लांकी, तहसील व थाना समाना, जिला पटियाला (पंजाब) के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था।

मामले की जांच में सामने आया था कि आरोपी को सेब की एक खेप को गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, जिसकी कीमत करीब 8 लाख रुपये थी। आरोप है कि उसने भरोसे का दुरुपयोग करते हुए इस माल को रास्ते में ही बेच दिया और इसके बाद से लगातार फरार चल रहा था। लंबे समय से वह अदालत में पेश नहीं हो रहा था और गिरफ्तारी से बचता रहा।

इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना ढली की टीम को विशेष रूप से पंजाब के पटियाला भेजा गया। टीम ने पुख्ता सूचना और बेहतर समन्वय के आधार पर 13 अप्रैल को आरोपी को पटियाला से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे 17 अप्रैल तक न्यायिक हिरासत में सब जेल कैन्थू भेज दिया गया है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि फरार आरोपियों के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।