राजगढ़, 18 अप्रैल । मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में बैंकिंग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीशकुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी की अध्यक्षता में शनिवार को बैंकर्स की बैठक हुई। बैठक में जिले की सभी बैंक शाखाओं और एटीएम की सुरक्षा को सुदृढ़ करने हेतु विस्तृत निर्देश जारी किए गए।
कलेक्टर और एसपी ने सभी बैंक शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शाखा एवं एटीएम में स्थापित सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे चालू अवस्था में रहें और उनकी नियमित मॉनिटरिंग अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही सभी स्थानों पर अलार्म सिस्टम सक्रिय व पूर्णतः कार्यशील स्थिति में होना चाहिए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सभी शाखाओं में सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए तथा सुरक्षा गार्डों और वाहन चालकों का पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराया जाए, ताकि संभावित सुरक्षा जोखिमों को रोका जा सके। इसके साथ ही बैंक प्रबंधकों को अपने सीयूजी नंबर पुलिस कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराने तथा शाखाओं में संबंधित थाना प्रभारी और एसडीएम के संपर्क नंबर प्रदर्शित रखने के निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके। उन्होंने कहा कि बैंकिंग संस्थान आमजन की आर्थिक गतिविधियों के केंद्र हैं, इसलिए सुरक्षा मानकों के पालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में एलडीएम सहित जिले के सभी बैंक शाखा प्रबंधक उपस्थित रहे।