प्रयागराज, 19 अगस्त । उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के झूंसी थाना क्षेत्र में बुधवार को शास्त्री पुल के समीप पिकअप वाहन की टक्कर से एक अधेड़ की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि हादसे में थरवई थाना क्षेत्र के फैजुल्लापुर, हेतापट्टी गांव निवासी कैलाश नाथ मिश्रा(50) पुत्र स्वर्गीय हरीशचंद्र मिश्रा की मौत हुई है। हादसे के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हाेंने बताया कि वह नैनी स्थित एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करते थे। बुधवार की सुबह घर से ड्यूटी जाने के लिए बेटे की मोटरसाइकिल से झूंसी थाना क्षेत्र में स्थित लोटस अस्पताल के पास पहुंचे और बेटे को वहीं से वापस घर भेज दिया। पैदल वाहन पकड़ने के लिए सड़क पार करने लगे। इसी दौरान दारागंज की ओर से आ रही एक मालवाहक पिकअप ने उन्हें टक्कर मार दी। इससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की।