नाहन, 14 अप्रैल । सिरमौर जिला के नाहन विधानसभा क्षेत्र के तहत बनेठी में पारम्परिक बैसाखी मेला मंगलवार को पूजा अर्चना के साथ आरम्भ हुआ। मेले का शुभारम्भ शिरगुलदेवता की पूजा अर्चना से आरम्भ हुआ। विधायक नाहन अजय सोलंकी ने पूजा में भाग लिया और मेले का शुभारम्भ किया। इस दौरान विधायक ने शिरगुल महाराज के दरबार में उपस्थित होकर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि बनेठी मेला क्षेत्र की आस्था, संस्कृति और भाईचारे का प्रतीक है, जिसे और अधिक भव्य बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मेले को बड़े स्तर पर आयोजित करवाने हेतु सरकार के समक्ष मांग रखी जाएगी। साथ ही, मेला ग्राउंड के विकास के लिए पूर्व में स्वीकृत 8 लाख रुपये की राशि को शीघ्र खर्च कर कार्य पूर्ण किया जाएगा तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त बजट भी उपलब्ध करवाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में सड़क से संबंधित एफआरए (FRA) कार्यों के लिए लगातार प्रयास किए गए हैं, जिनमें ऐतिहासिक सफलता प्राप्त हुई है। विधायक ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य श्रेय लेना नहीं, बल्कि विकास कार्यों को धरातल पर उतारना है। विकास एक निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है, जिसे जनता के सहयोग से आगे बढ़ाया जाएगा।