कॉरिडोर देवभूमि के विकास को देगा रफ्तार : महेंद्र भट्ट

Share

देहरादून, 14 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिल्ली–देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर को देवभूमि के विकास के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि अब विकसित उत्तराखंड की रफ्तार को कोई कम नहीं कर सकता।

महेंद्र भट्ट ने कहा कि इस बहुप्रतीक्षित एक्सप्रेस-वे से उत्तराखंड में विकास के नए दशक की शुरुआत हुई है। यह कॉरिडोर न केवल व्यापार को गति देगा, बल्कि पर्यटन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी तेजी लाएगा। साथ ही टीएचडीसी पावर प्रोजेक्ट समेत अन्य योजनाएं विकसित भारत के निर्माण में उत्तराखंड की भागीदारी को मजबूत करेंगी।

महेंद्र भट्ट ने प्रधानमंत्री के दौरे को आर्थिक सौगात के साथ-साथ जनभावनाओं का अभूतपूर्व प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि राजधानी देहरादून में जिस तरह जनसैलाब उमड़ा, वह ऐतिहासिक रहा और जनता ने दिल खोलकर प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को विकास कार्यों में मीन-मेख निकालने की बजाय उसे स्वीकार करने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने तंज किया कि विकास योजनाओं का लाभ सभी को मिलेगा, कांग्रेस को भी, इसलिए अनावश्यक आलोचना से बचना चाहिए। भट्ट ने कहा कि प्रदेश की जनता को प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की नीतियों और नीयत पर पूरा भरोसा है।