सोनीपत: जाखौली टोल पर किसानों का धरना, कर्मी बर्खास्त
सोनीपत, 20 मई (हि.स.)। सोनीपत के जाखौली टोल प्लाजा पर मंगलवार को किसानों और टोलकर्मियों
के बीच उपजा विवाद एक बड़े विरोध में तब्दील हो गया। रविवार रात कुंडली-गाजियाबाद-पलवल
(केजीपी) एक्सप्रेसवे पर स्थित टोल पर संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के नेता
जगजीत सिंह डल्लेवाल और अभिमन्यु कुहाड़ के साथ टोलकर्मियों द्वारा की गई बदसलूकी और
एक ट्रक चालक की पिटाई के विरोध में किसानों ने मंगलवार दोपहर तक धरना दिया।
मंगलवार को किसान बड़ी संख्या में टोल की दसवीं लेन पर जमा
हुए और शांतिपूर्ण विरोध शुरू किया।
किसानों ने आरोप लगाया कि टोलकर्मियों की नई टीम
अराजक रवैया अपना रही है और मामूली बात पर मारपीट कर रही है। विरोध के बीच पुलिस और
प्रशासन मौके पर पहुंचे और किसानों से लिखित शिकायत देने की बात कही। टोल प्रबंधक सोराब
खान ने मौके पर पहुंचकर माफी मांगी और दोषी कर्मचारियों को बर्खास्त करने की घोषणा
की।
हालांकि किसान नेता अडिग रहे और मांग की कि आरोपित टोलकर्मियों
को पंचायत में बुलाया जाए। लगभग आधा घंटे बाद संबंधित कर्मियों ने आकर हाथ जोड़कर माफी
मांगी और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का वादा किया। इसके बाद किसानों ने धरना
समाप्त करने की घोषणा की।
किसान नेता अभिमन्यु कुहाड़ ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि
ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति हुई तो आंदोलन और तेज होगा। उन्होंने यह भी कहा कि यदि समय
रहते इन पर लगाम नहीं लगी तो आम जनता भी भविष्य में इसका शिकार हो सकती है।