सुपौल, 26 अप्रैल । बिहार में सुपौल जिले के भारत-नेपाल सीमा पर अवस्थित वीरपुर हवाई अड्डा से सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) 45वीं बटालियन मुख्यालय, चकबंदी चौक होते हुए पुस्तकालय मार्ग के जरिए बसंतपुर प्रखंड कार्यालय और एसएच-91 तक बन रही सड़क इन दिनों स्थानीय लोगों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है।
निर्माण कार्य में बरती जा रही लापरवाही के कारण पूरे इलाके में धूल का गुबार उड़ रहा है, जिससे लोगों का जीना दूभर हो गया है।स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले चार महीनों से सड़क निर्माण कार्य जारी है, लेकिन बालू और गिट्टी बिछाने के बावजूद नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किया जा रहा है। इसके चलते हर समय सड़क पर धूल उड़ती रहती है, जो आसपास के घरों और दुकानों तक पहुंचकर लोगों को परेशान कर रही है।
इस मार्ग पर पैक्स और एफसीआई गोदाम स्थित होने के कारण रोजाना 10 से 12 भारी वाहन गुजरते हैं। इन वाहनों के आवागमन से धूल का गुबार और तेज हो जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय निवासियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार उड़ रही धूल और प्रदूषण के कारण इलाके में सांस से जुड़ी बीमारियों के मरीज बढ़ने लगे हैं। खासकर बच्चे और बुजुर्ग इस समस्या से अधिक प्रभावित हो रहे हैं। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सुबह और शाम नियमित रूप से पानी का छिड़काव कराया जाए, ताकि धूल पर नियंत्रण पाया जा सके और लोगों को राहत मिल सके।
ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता सुमन कुमार ने बताया कि सड़क निर्माण का दो लेयर कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य जल्द ही पूरा कराया जाएगा। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि संवेदक को नियमित पानी छिड़काव के निर्देश दिए जाएंगे, ताकि आम लोगों को इस समस्या से जल्द राहत मिल सके।