छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पारा 45 डिग्री के पार,कई जिलों में लू का अलर्ट

Share

रायपुर, 26 अप्रैल । छत्तीसगढ़ में कई जिलों में पारा 45 डिग्री के पार हो चूका है और भीषण गर्मी से जनजीवन अस्त -व्यस्त है। मध्य इलाकों में गर्म हवाओं का असर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहा, जबकि राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां 45.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर जैसे शहरों में भी पारा 43°C से 45°C के बीच है।

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों (27 अप्रैल तक) में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे लू का प्रकोप और बढ़ेगा। प्रशासन ने हीटवेव(लू) को लेकर जरूरी निर्देश व गाइडलाइन जारी की हैं।भीषण गर्मी से बचने के लिए विशेषज्ञों ने दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने, शरीर को ढक कर रखने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है।

मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के गौरेला- पेण्ड्रा -मरवाही, मुंगेली, रायपुर, बलौदा बाजार, दुर्ग, बालोद, बेमेतरा, कबीरधाम, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, राजनांदगांव और मोहला-मानपुर-अंबागढ़-चौकी जिलों में एक दो पॉकेट में लू चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विज्ञानी एच.पी. चंद्रा ने बताया कि एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक द्रोणिका गति उत्तर अंदरूनी कर्नाटक से कोमोरिन क्षेत्र तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक प्रति चक्रवात अंदरूनी महाराष्ट्र और उसके आसपास 3.1 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है।

बंगाल की खाड़ी से नमी युक्त हवा आने के कारण प्रदेश में 26 अप्रैल को बस्तर संभाग में एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। अंधड़ चलने और वज्रपात होने के भी आसार हैं।

राजधानी रायपुर में आज भी ग्रीष्म लहर चलने की संभावना है। वहीं लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।