मेरठ में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं की कलक्ट्रेट पर भूख हड़ताल

Share

मेरठ, 05 मार्च (हि.स.)। समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार में लिप्त होने और बेरोजगारी बढ़ाने के नारे लगाए। इसके लिए उन्होंने एकदिवसीय भूख हड़ताल रखी।

समाजवादी पार्टी मजदूर सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल निगम वारसी के नेतृत्व में मंगलवार को कार्यकर्ता कलक्ट्रेट पर एकत्र हुए। उन्होंने हाथों में पोस्टर व बैनर लेकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इसके बाद कार्यकर्ता कलक्ट्रेट परिसर के अंदर एक दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए। उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए हड़ताल की जा रही है। समाजवादी पार्टी पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) के सम्मान की लड़ाई को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिलों में पार्टी के कार्यकर्ताओं के सहयोग से भूख हड़ताल की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकारों में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार का विकास हुआ है। भाजपा सरकारी संस्थाओं का निजीकरण कर रही है। जिन वजह से लोग बेरोजगार हो रहे हैं। शहर व देहात में अपराधी बेलगाम हैं। यदि सरकार ने उनकी मांगों का संज्ञान नहीं लिया तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी।