प्रयागराज मंडल ने आगरा को हराकर फाइनल में प्रवेश किया

Share

– एनसीआर इंटर डिवीजन हॉकी प्रतियोगिता

प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। ग्वालियर में चल रही अंतर मंडलीय हॉकी प्रतियोगिता में प्रयागराज मंडल ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने पहले मैच में आगरा मंडल को एकतरफा मुकाबले में 6-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।

मंगलवार को प्रयागराज मंडल बनाम आगरा मंडल के मध्य पहले मैच शुरू होते ही प्रयागराज मंडल ने आगरा मंडल पर अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आगरा मंडल की टीम पर दबाव बनाते हुए पहला गोल राजेश कुमार की हॉकी से निकला। इस के बाद आगरा मंडल ने अपने खेल की गति को तेज किया पर गोल करने में कामयाब न हो सके। इसी बीच प्रयागराज को दूसरी सफलता शोएब खान के खूबसूरत मैदानी गोल से मिली। दोनों ही टीमें लगातार एक दूसरे पर आक्रमण करती रही और एक मूव बनाते हुए प्रयागराज मंडल के अभय कुमार ने गोल कर प्रयागराज मंडल को 3-0 से आगे कर दिया। मध्यांतर का खेल खत्म होने तक प्रयागराज मंडल 3 गोल की बढ़त बनाए हुई थी।

मध्यांतर के बाद खेल शुरू होते ही प्रयागराज मंडल के दिलनवाज अहमद ने एक शानदार गोल कर मैच को एकतरफा कर दिया। वहीं आगरा मंडल की टीम प्रयागराज मंडल की टीम से हर लिहाज से कमजोर दिखाई पड़ी और गोल का अंतर कम करने के लिए संघर्ष करती रही। इस बीच प्रयागराज मंडल के वरिष्ठ और अनुभवी खिलाड़ी फिरोज आलम ने मैदानी गोल कर प्रयागराज मंडल को 5-0 तथा इमरान अंसारी ने अपनी टीम के लिए छठवां और मैच का अंतिम गोल किया।

प्रयागराज मंडल ने इस मैच को 6-0 से जीत कर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं इस बड़ी जीत पर टीम के कोच पंकज गोस्वामी, एनसीआर के स्पोर्ट्स सेक्रेटरी राकेश मिश्रा और धर्मेंद्र निषाद ने अपनी टीम को बधाई दी और फाइनल मैच को जीतने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दी हैं। बुधवार को इस प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला “प्रयागराज मंडल और झांसी मंडल” के मध्य खेला जाएगा।