राजगढ़, 15 दिसम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर राजगढ़ कोतवाली थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह जालपा माता मंदिर के समीप तेज रफ्तार ट्रक ने राजगढ़ की तरफ पैदल जा रही 65 वर्षीय महिला को पीछे से टक्कर मार दी, हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और अज्ञात चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।
पुलिस के अनुसार हाइवे स्थित मां जालपा मंदिर के सामने अज्ञात ट्रक ने पैदल जा रही गेंदीबाई (65) पत्नी गोपीलाल वर्मा निवासी जागन्यापुरा को टक्कर मार दी, हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। बताया गया है महिला पेंशन लेने के लिए राजगढ़ तरफ जा रही थी तभी हादसे का शिकार हो गई। पुलिस ने रुपसिंह पुत्र मांगीलाल वर्मा की रिपोर्ट पर अज्ञात चालक के खिलाफ धारा 304ए के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की।