मप्र विस चुनाव: भाजपा ने शासन संभाला तब से पूरे मध्य प्रदेश की तस्वीर बदल गई: हिमंता बिस्वा

Share

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सिवनी मालवा के डोलरिया में जनसभा को किया संबोधित

भोपाल, 11 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के शासनकाल में मध्यप्रदेश में ना बिजली की व्यवस्था सहीं थी ना सड़कों की हालत ठीक थी। अस्पतालों की हालत खस्ता थी और पूरे प्रदेश के लोगों को परेशानियों सामना करना पड़ता था। 2003 के बाद जब से भाजपा ने शासन संभाला तब से पूरे प्रदेश की तस्वीर बदल गई। अब हर क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेजी के साथ बढ़ रही है। यह बात असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने शनिवार को सिवनी मालवा विधानसभा के डोलरिया में भाजपा प्रत्याशी प्रेमशंकर वर्मा के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

हेमंत बिस्वा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कमलनाथ की 15 महीने की सरकार आई थी लेकिन घोटाले ही घोटाले सामने आते थे। उन्होंने कहा कि मैं पहले कांग्रेस में था और मध्यप्रदेश आना-जाना लगा रहता था, लेकिन तब में और अब में जमीन-आसमान का अंतर साफ नजर आता है। श्री सरमा ने नर्मदापुरम विधानसभा में भी जनसभा को संबोधित किया।

मेडिकल कॉलेजों की लगातार बढ़ रही संख्या

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि कांग्रेस के शासन में ना के बराबर मेडिकल कॉलेज थे, लेकिन भाजपा के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार में मेडिकल कालेजों की संख्या लगातार बढ रही है। कांग्रेस के शासनकाल में स्कूलों की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। बच्चों को बैठने के लिए न कमरें उपलब्ध होते थे ना दूसरी कोई सुविधाएं स्कूलों में रहती थीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गिनती अब बीमारू राज्य के तौर पर नहीं विकसित राज्य के तौर पर की जाती है।

असम में दो योजनाओं को लागू किया

मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि मध्यप्रदेश की दो योजनाओं को असम में लागू किया गया है। लाडली बहना योजना और सरकारी स्कूलों में बच्चे पढ़ते हैं उनके लिए मेडिकल कॉलेज में पांच प्रतिशत आरक्षण को लागू किया गया है। श्री सरमा ने कहा कि प्रधानममंत्री आवास योजना, सहित केंद्र और राज्य सरकार ने गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई जिसका लाभ प्रदेश की जनता को मिल रहा है।

कांग्रेस में कार्यकर्ताओं को सम्मान नहीं मिलता

श्री सरमा ने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को कभी सम्मान नहीं मिलता है। आत्म सम्मान वाले व्यक्ति कांग्रेस में नहीं रह सकते। कांग्रेस कपड़ा फाड़ पार्टी है। कांग्रेस के नेता कमलनाथ ने दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ने तक की बात कह दी थी।