राजगढ़ःकांग्रेस की सरकार बनना सुनिश्चित, सभी वादे होंगे पूरे-दिग्विजय सिंह

Share

04HREG371 राजगढ़ःकांग्रेस की सरकार बनना सुनिश्चित, सभी वादे होंगे पूरे-दिग्विजय सिंह

राजगढ़, 4 नवंबर (हि.स.)। प्रदेश की जनता भाजपा की भ्रष्ट सरकार को हटाने का मन बना चुकी है साथ ही कांग्रेस की सरकार बनना सुनिश्चित है, वचनपत्र में किए गए वादों को पूरा किया जाएगा। यह उद्गार पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने शनिवार को ब्यावरा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में व्यक्त किए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत से जुटने का आव्हान किया। श्रीसिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसान, मध्यम वर्ग, व्यापारी वर्ग व समाज के सभी लोगों के साथ अन्याय किया है। भाजपा दावा करती है कि लोगों की आय बढ़ाई है जबकि इससे उलट मंहगाई के चलते लोगों का जीना मुहाल हुआ है। देश के हर वर्ग की बचत में भारी कमी आयी है, जिसे केन्द्र सरकार ने खुद स्वीकार किया है। उन्होंने वर्तमान विधायक रामचंद्र दांगी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका कार्यकाल बेहद अच्छा रहा है साथ ही कांग्रेस प्रत्याशी पुरुषोत्तम दांगी ने अपने कार्यकाल में जनता की भरपूर सेवा की है। पूर्व सीएम सिंह ने कहा कि वचनपत्र में किए गए वादे हर वर्ग के लिए लाभप्रद है, जिसमें प्रदेश की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह, 500 रुपए में गैस सिलेंडर, किसानों से तीन रुपए प्रति किलो गोबर क्रय किया जाना, गौशालाओं का निर्माण, वृद्वावस्था पेंशन में वृद्वि सहित अन्य योजनाएं शामिल है। श्री सिंह ने कहा कि यदि भाजपा ने धनबल से सरकार ने गिराई होती तो सभी का दो लाख का कर्जा माफ हो चुका होता। कार्यक्रम के दौरान सुठालिया नगर पंचायत के दो पार्षदों सहित अन्य ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।