दतिया: धान का उचित मूल्य न मिलने पर किसानों में आक्रोश

Share

04HREG377 दतिया: धान का उचित मूल्य न मिलने पर किसानों में आक्रोश

दतिया/भांडेर, 4 नवंबर (हि.स.)। कृषि उपज मंडी में धान की डाक बोली के दौरान किसानों और व्यापारियों में विवाद हो गया। धान की कम बोली से किसान उग्र हो गये। व्यापारियों का आरोप है की किसानों नें एक व्यापारी के साथ मारपीट कर दी, इसके बाद सभी व्यापारी गण मंडी सचिव के पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी देकर खरीद बंद की और इसकी शिकायत की। मंडी सचिव सहित व्यापारियों द्वारा इस मामल दर्ज कराने थाने में आवेदन दिया। विवाद के कारण हजारों क्विंटल उपज की डाक बोली नहीं हो पाई। किसानों का आरोप है कि व्यापारी एक राय होकर धान की कम बोली लगा रहे हैं। दूसरी ओर व्यापारियों का कहना है कि सही मूल्य पर धान खरीदा जा रहा है जिस धान की क्वालिटी खराब है उसके दाम कम मिलते ही हैं।

बता दें कि नवीन गल्ला मंडी में दोपहर 1 बजे डाक बोली शुरू हुई। 15 मिनिट बाद ही विवाद के दौरान कुछ किसानों ने व्यापारी के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट कर दी। नाराज व्यापारियों ने डाक बोली बंद कर दी। डाक बोली बोल रहे मंडी कर्मचारी ने इसकी सूचना मंडी सचिव को दी, जिसके बाद मंडी सचिव दुर्गा शंकर शुक्ला मंडी में पहुंचे और विवाद सुलझाने की कोशिश की लेकिन किसान अधिक दाम लगाने को लेकर अड़े हुए थे, जिससे डाक बोली शुरू नहीं हो पाई। वहीं कृषक प्रदीप ने बताया कि व्यापारी मन के भाव लगा रहे हैं। व्यापारी मंडी में नहीं आते हैं उनके प्रतिनिधियों से खरीद कराते हैं। दूसरी मंडियों की अपेक्षा बोली भी कम में लगाई जा रही हैं। ऐसे में किसानों के सामने दूसरी मंडियों में धान बेचने के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा है। डाक बोली भी 1 बजे से होती है इससे किसान घर नहीं जा पाते हैं न ही खाद आदि खरीद पा रहे हैं।

गल्ला व्यापारी संघ भांडेर के अध्यक्ष रिंकू सिंह राजपूत ने बताया कि जब तक व्यापारियों को मंडी में सुरक्षा प्रदान नहीं की जायेगी तब तक मंडी में खरीदी बंद रहेगीद्य किसानों के द्वारा आए दिन व्यापारियों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की जाती है जो अब बर्दाश्त नहीं की जायेगी।

मंडी सचिव दुर्गा शंकर शुक्ला ने कहा कि व्यापारियों द्वारा बताया गया कि उनके साथ अभद्रता के साथ ही किसानों द्वारा मारपीट भी की गई है। किसानों द्वारा दबाब बनाकर अधिक की बोली लगवाने की कोशिश की जा रही थी। इस पर व्यापारियों के मना करने पर किसानों द्वारा मारपीट की गई। व्यापारियों का कहना है जब तक मंडी में सुरक्षा की व्यवस्था नहीं होगी तब मंडी में व्यापारियों द्वारा खरीदी नहीं की जायेगी।

थाना प्रभारी भांडेर मोनिका मिश्रा का कहना है कि कृषि उपज मंडी में धान की डाक बोली के दौरान किसानों और व्यापारियों में हुए विवाद को लेकर थाने में आवेदन आया है। जाँच के बाद दोषियों पर कार्यवाही की जायेगी।