मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने वालों में शामिल लश्कर आतंकी भुट्टावी की पाकिस्तान जेल में मौत

Share

30HINT8 मुंबई आतंकी हमलों की साजिश रचने वालों में शामिल लश्कर आतंकी भुट्टावी की पाकिस्तान जेल में मौत

इस्लामाबाद, 30 मई (हि.स.)। वर्ष 2008 में मुंबई पर हुए आतंकी हमलों की साजिश रचने वालों में शामिल रहे लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अब्दुल सलाम भुट्टावी की पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की शेखूपुरा जेल में मौत हो गयी। वह आतंकवाद को वित्तीय सहायता के मामले में सजा काट रहा था।

वर्ष 2008 में भारत की औद्योगिक राजधानी कहे जाने वाले शहर मुंबई पर जबर्दस्त आतंकी हमले हुए थे। इन आतंकी हमलों की साजिश रचने वालों में लश्कर-ए-तैयबा का आतंकी अब्दुल सलाम भुट्टावी भी शामिल था। वर्ष 2011 में भुट्टावी ने खुद 20 साल तक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के लिए काम करने की बात कबूल की थी। वर्ष 2011 में अमेरिका ने भी भुट्टावी पर आतंकी हमलों के लिए धन जुटाने और उग्रवादियों की भर्ती करने के आरोप लगाते हुए उस पर पाबंदियां लगाई थीं। तब अमेरिका ने कहा था कि भुट्टावी ने अपने भाषणों और फतवे जारी कर आतंकियों को मुंबई पर हमले के लिए तैयार किया था।

पाकिस्तान में रह कर आतंकवाद के प्रसार के लिए धन मुहैया कराने (टेरर फंडिंग) के मामले में भुट्टावी पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की शेखुपुरा जेल में बंद था। वर्ष 2020 में उसे लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के बहनोई अब्दुल रहमान मक्की के साथ साढ़े सोलह साल कैद की सजा सुनाई गई थी। जेल में ही दिल का दौरा पड़ने से भुट्टावी की मौत हो गयी। खुफिया एजेंसियों ने भी भुट्टावी की मौत की पुष्टि की है। जेल में मौत के बाद मंगलवार को लाहौर में भट्टावी का अंतिम संस्कार किया गया।