-भूपेन्द्र सिंह ने किया अमृत सरोवर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ
लखनऊ, 21 सितम्बर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह ने बुधवार को कहा कि पार्टी के नेता या कार्यकर्ता के रूप में हमारी जिम्मेदारी है कि सरकार की सभी योजनाएं जन-जन तक पहुंचाएं। प्रदेश अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन 17 सितम्बर से पार्टी द्वारा प्रारम्भ किए सेवा पखवाड़ा के तहत बुधवार को अमृत सरोवर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ किया।
भूपेन्द्र सिंह ने राजधानी लखनऊ के गोहरामऊ, काकोरी में सरोवर पर स्वच्छता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पूरा जीवन राष्ट्र व गरीब और वंचित लोगों की सेवा के लिए समर्पित रहा है। इसलिए पार्टी उनके जन्मदिन से 15 दिन तक विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से सेवा पखवाड़ा मना रही है। पार्टी ने पूरे प्रदेश में जलाशयों, तालाबों, सरोवरों में स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को सरोवरों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने अमृत सरोवर स्वच्छता अभियान का शुभारम्भ करते हुए कहा कि केन्द्र सरकार ने बिना भेदभाव के पूर्ण पारदर्शी तरीको से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाकर उनके आर्थिक व समाजिक जीवन को खुशहाल बनाने का काम किया है।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा देश में एक मात्र राजनीतिक दल है जो सेवा कार्यों के माध्यम से जन सरोकार के कार्यों को करता है। भाजपा सदैव जनता के बीच रहती है। जबकि अन्य राजनीतिक दल सिर्फ चुनाव में ही नजर आते हैं।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दिन का भी अवकाश नहीं लेते हैं। उनका पूरा जीवन देश की समृद्धि और गरीब की खुशहाली के लिए समर्पित है और इसीलिए भाजपा ने नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन से सेवा पखवाड़ा प्रारम्भ किया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जलाशय प्रकृति संरक्षण व संवर्धन के लिए जरूरी है। इसीलिए सेवा पखवाडे़ के तहत जन जागरूकता के लिए पार्टी ने अमृत सरोवर स्वच्छता अभियान प्रारम्भ कर जलाशयो, पोखरों, तालाबों, सरोवरों के संरक्षण से एक-एक व्यक्ति को जोड़ने की मुहिम शुरू हो सके।
इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री गोविन्द नारायण शुक्ल, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशू दुबे और भाजपा लखनऊ ग्रामीण के जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण लोधी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।