-दुनियाभर में बढ़ रहे ब्रेस्ट कैंसर के मामले : डा. आनंद मिश्रा
लखनऊ, 21 सितम्बर (हि.स.)। दुनियाभर में ब्रेस्ट कैंसर के मामले बढ़ते जा रहे हैं। प्रारम्भिक अवस्था में अगर इस बीमारी की पहचान हो जाये तो उपचार संभव है। कीमोथेरेपी के माध्यम से एडवान्स स्टेज के मरीजों के स्तन को भी बचाया जा सकता है। यह जानकारी किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के इण्डोक्राइन सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डा. आनन्द कुमार मिश्रा ने दी।
डा. आनन्द कुमार ने बताया कि केजीएमयू के इण्डोक्राइन सर्जरी विभाग द्वारा 23-24 सितम्बर को ‘ केजीएमयू ब्रेस्ट अपडेट-2022 कान्फ्रेन्स’ का आयोजन होगा। यह कार्यशाला इंडियन एंटी कैंसर ट्रस्ट (आई.एन.सी.टी.) नई दिल्ली और एसोसिएशन आफ ब्रेस्ट सर्जन इण्डिया तथा उत्तर प्रदेश चैप्टर आफ एसोसिएशन सर्जन आन इण्डिया के सहयोग से की जा रही है। इसमें देशभर के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों के ब्रेस्ट कैंसर विशेषज्ञ हिस्सा लेंगे।
इण्डोक्राइन सर्जरी विभाग के एडिशनल प्रोफेसर डा. कुलरंजन सिंह ने बताया कि दो दिवसीए कार्यशाला में आयोजित होने वाले विशेष सत्र ब्रेस्ट कैंसर के क्षेत्र में प्रैक्टिस करने वालों के लिए महत्वपूर्ण होगा। इसमें इस विधा से जुड़े कई प्रमुख लोग अपनी बात रखेंगे।