फतेहपुर: सिंगल यूज पालीथीन के प्रतिबंधों के नाम पर व्यापारियों का उत्पीड़न न करने की मांग

Share

-व्यापार मण्डल ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

फतेहपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। जिले में गुरुवार को व्यापार मंडल (कंछल गुट) द्वारा प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के निर्देश पर जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे के माध्यम से चार सूत्रीय ज्ञापन मुख्यमंत्री को भेजा गया। जिसमें सिंगल यूज पालीथीन वा प्लास्टिक के प्रतिबंधों से व्यापारियों का उत्पीड़न न करने की मांग की गई है।

व्यापार मंडल ने मांग की है कि व्यापारियों की दुकानों में रखे सिंगल यूज पालीथीन प्लास्टिक को समाप्त करने के लिए व्यापारियों को तीन माह का समय दिया जाए। प्रदेश में दुकानदारों के साथ साथ मल्टीनेशनल कम्पनियों पर भी सिंगल यूज पालीथीन प्लास्टिक का प्रयोग करने पर प्रतिबंध लगाया जाए। सिंगल यूज पालीथीन प्लास्टिक निर्माता कम्पनियों को भी प्रतिबंधित किया जाए। सरकार द्वारा मानकों पर आधारित रिसाइकलिंग यूज पालीथीन प्लास्टिक का उत्पादन जारी रखा जाए, जिससे उत्पादक व दुकानदार को नुकसान न हो और प्रदूषण भी नहीं फैलेगा।

व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष शिवचंद्र शुक्ल ने कहा कि आज हमारे व्यापार मंडल द्वारा प्रदेश अध्यक्ष बनवारी लाल कंछल के दिशा निर्देश पर जिले के व्यापारियों की ओर से उपरोक्त चार सूत्रीय मांगों को लेकर एक ज्ञापन जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा गया है। उन्होंने कहा कि हमारी उपरोक्त सभी मांगों को पूरा करने के बाद ही छापेमारी की कार्यवाही शुरू की जाए अन्यथा हमारा व्यापार मंडल सम्पूर्ण प्रदेश में इस कानून के खिलाफ आंदोलन शुरू करेगा। इस अवसर पर वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष नारायण गुप्त, उपाध्यक्ष रवि अवस्थी, जिला महामंत्री रामबाबू गुप्ता, रिजवान डियर, खागा व्यापार मंडल अध्यक्ष अमिताभ शुक्ल, उपाध्यक्ष सुनील शुक्ल, महामंत्री अनिल साहू, संरक्षक कमलेश बाजपेई, युवा वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुपम शुक्ल, शहर अध्यक्ष प्रमोद गुप्त, महामंत्री दीपक साहू , संगठन मंत्री हरीबाबू चौरसिया, उपाध्यक्ष भैरव प्रसाद, मो.असलम, राहुल सिंह, मिंटू सोनी, सहित सैकड़ों की संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।