मंदसौर: मतदाताओं का फैसला ईवीएम में कैद, मंदसौर नपा हेतु हुआ 66.87 प्रतिशत मतदान

Share

मंदसौर 6 जुलाई (हि.स.)। एक माह से सभी दलों के प्रत्याशियों के दावों- प्रतिदावों को सुन रहे मंदसौर और नगरी नगरीय निकाय क्षेत्र के मतदाताओं का मौन बुधवार को मुखर हो गया। हालांकि मतदान को लेकर मंदसौर के मतदाताओं ने नगरी के मुकाबले काफी कम रुचि दिखाई। इसका परिणाम यह रहा कि मंदसौर में 66.87 तो नगरी में 87.86 प्रश मतदान हुआ। महिलाओं, पुरूषों, बुजुर्गों, दिव्यांगों व नए नवेले मतदाताओं में काफी उत्साह रहा। नगरी में सुबह से ही तेज गति से चला मतदान शाम तक उसी गति से चलता रहा। हालांकि मंदसौर में सुबह ग्यारह बजे बाद गति पकड़ी। मामूली घटनाओं के बीच शांतिपूर्ण मतदान रहा।

बुधवार को हुए मतदान में दोनों ही जगहों पर मतदाताओं में खासा उत्साह नजर आया। मंदसौर की अपेक्षा नगरी में मतदान की गति तेज रही। मतदान की शुरुआत धीमी गति से रही। लेकिन समय के साथ-साथ लोग घरों से निकलकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे। दोपहर तीन बजे तक मंदसौर में 58 प्रश मतदान हो चुका था। तो नगरी में आंकड़ा 86 प्रश तक पहुंच गया था। सुबह नौ बजे मंदसौर में महज 12 प्रश मतदान हुआ था। हालांकि नगरी में शुरुआती घंटे में ही 30 प्रश तक हो चुका था। आखिरकार मंदसौर में 66.87 प्रश तो नगरी में 87.86 प्रश मतदान हुआ। हर वार्ड में चुनावी माहौल नजर आया। अन्य जगहों पर जाकर बस चुके लोगों ने भी अपने वार्डों में पहुंचकर मतदान किया। समय के साथ साथ बंपर वोटिंग की उम्मीद जताई जा रही है। मतलब निर्धारित समय तक मतदान काफी अच्छे प्रतिशत तक पहुंच सकता है। प्रत्याशियों से लेकर दोनों ही दल अपने वार्ड व बूथ पर अधिक से अधिक मतदान कराने के लिए लगे हुए दिखे।

सुबह दो घंटे में गति रही धीमी

मंदसौर नगरपालिका की बात करें तो सुबह दो घंटे में मतदान की गति धीमी रही। जबकि नगरी में सुबह से ही मतदाताओं में उत्साह नजर आया। मंदसौर में शुरुआती दो घंटे में कुल 14671 मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। जिसमें पुरुषों की संख्या 8261 तो महिलाओं की संख्या 6410 रही। कुल 12 प्रश मतदान इस दौरान हुआ। जबकि नगरी में शुरुआती दो घंटे में 896 पुरुषों और 810 महिलाओं ने अपने मत का प्रयोग किया। मतलब कुल 1706 मत गिरे। इस तरह से प्रतिशत 30 से भी अधिक पहुंच गया।

शाम पांच बजे निर्धारित समय के बाद मतदान केंद्र की लाईन में खड़े लोगो को टोकन दिया गया। अंतिम आंकड़े के रूप में मंदसौर में 66.87 प्रतिशत मतदान हुआ। कुल 81736 मतदाताओं ने अपने मतदान का प्रयोग किया। जिसमें पुरुषों की संख्या 42269 तो महिलाओं की संख्या 39465 रही। वहीं नगरी नगर पंचायत में मतदान का आंकड़ा 87 प्रश के पार पहुंच गया था।

वार्ड सात में भाजपा प्रत्याशी सहित भाजपा नेताओं ने अवैधानिक प्रवेश और मतदान का आरोप लगाया। इसके बाद अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भाजपा प्रत्याशी संजय मुरडिया से बात की। उन्होंने और उनके समर्थक भाजपा नेताओं से नियम विरुद्ध काम होने की बात कही। इस दौरान उनकी एसडीएम और अन्य अधिकारियों से बहस हुई।

जाहिद जुम्मा पर रासुका

वार्ड 24 में फर्जी मतदान का मामला सामने आया। इसके बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। यहां एक महिला को थाने ले जाया गया। हालांकि यहां विवाद की स्थिति बनने के बाद एसपी अनुराग सुजानिया खुद मौके पर पहुंचे। यहां जाहिद जुम्मा को थाने ले जाया गया। जिस पर रासुका की कार्रवाई की गई।

ईवीएम का फोटो आया बाहर

वार्ड 38 में ईवीएम मशीन का फोटो बाहर आ गया। जबकि केंद्र पर मोबाईल ले जाना प्रतिबंधित है। इस पर तुरंत प्रशासन ने एक्शन लिया। कलेक्टर गौतम सिंह द्वारा बताया गया कि ईवीएम मशीन का मोबाइल से फोटो खींचना प्रतिबंधित है, लेकिन जिसके द्वारा भी इस तरह की हरकत की गई है। उसको ढूंढने का कार्य पुलिस डिपार्टमेंट को सौंप दिया गया है। पुलिस उस व्यक्ति को ढूंढने के कार्य में लग गई हैं। जैसे ही वह व्यक्ति मिलता है। उसके विरुद्ध कठोर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जाएगी।