-नशीला पदार्थ खिलाकर कीमती सामान गायब करने का आरोप
-फूड प्वाइजनिंग या फिर नशीला पदार्थ खाने से बिगड़ी बारातियों की तबीयत : एसडीएम सदर
मथुरा, 09 जुलाई (हि.स.)। फरह में आगरा से बारात से लौटे 22 लोग शनिवार की सुबह बेहोश मिले। इससे गांव में हड़कंप मच गया। दोपहर में बारातियों के बीमार होने की जानकारी मिलते ही एसडीएम सदर, स्वास्थ्य विभाग की टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसडीएम और स्वास्थ्य विभाग ने बीमार व्यक्तियों को गांव से ला कर तत्काल फरह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बीमार लोगों का तत्काल इलाज शुरू कर दिया। उधर, दूल्हा भी बेहोश बताया गया है। वह अभी गांव नहीं लौटा है। कुछ बारातियों ने आभूषण गायब होने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
थाना फरह क्षेत्र के थाना फरह क्षेत्र के परखम गांव से केदारनाथ के बेटे नंद किशोर और उमा शंकर के बेटों की आगरा के शमशाबाद इलाके में शुक्रवार को बारात गई थी। रात को ज्यादातर बराती वापस लौट आए। रात में सभी बराती सो गए, लेकिन जब सवेरे नहीं उठे तो परिवार के लोगों ने उन्हें जगाने का प्रयास किया। तब पता चला कि वे लोग बेहोश हैं। लोगों ने उन्हें देशी इलाज दिया लेकिन शनिवार दोपहर तक कोई फायदा नहीं पड़ा तो इसकी जानकारी स्वास्थ्य विभाग को दी। फरह के सरकारी अस्पताल पहुंची महिला सीमा ने बताया कि वहां पर किसी ने उनके सोने चांदी के आभूषण लूट लिए। सीमा के अनुसार दो कौंदनी, दो चूड़ी, पायजेब आदि बेहोश कर लूट लिए। फरह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी रामवीर सिंह ने बताया कि 22 बीमार लोगों का इलाज चल रहा है। ड्रिप लगा दी गई है जरूरी ट्रीटमेंट किया जा रहा है। ड्रिप लगाने के बाद स्थिति में सुधार हो रहा है कोई गंभीर रूप से बीमार नहीं है।
एसडीएम सदर प्रशांत नागर ने बताया कि 22 लोग बीमार हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है यह बीमार फूड पॉइजनिंग की वजह से हुए या कोई नशीला पदार्थ दिया गया इसकी जांच के लिए थाना फरह पुलिस को निर्देश दिया है वह आगरा पुलिस से संपर्क कर मामले की सत्यता पता करे। वहीं दूल्हा नंदू भी बेहोश बताया गया है, जो आगरा के नथ्थू की घड़ी में ही है।