– मुस्लिम वक्फ एवं हज मंत्री धर्मपाल सिंह ने की समीक्षा बैठक
मुरादाबाद, 06 जून (हि.स.)। उप्र सरकार में मंत्री पशुधन एवं दुग्ध विकास, राजनैतिक पेंशन, अल्पसंख्यक कल्याण, मुस्लिम वक्फ एवं हज तथा नागरिक सुरक्षा विभाग धर्मपाल सिंह ने सोमवार सर्किट हाउस में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में सम्बंधित विभाग के अधिकारियों को शासन की मंशानुरुप कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कहा कि वक्फ की सम्पत्तियां महत्वपूर्ण है, इसलिए इन्हें चिन्हित कर अवैध कब्जों को कब्जा मुक्त करायें।
उन्होंने कहा कि वक्फ सम्पत्ति का किराया भी वास्तविक रुप में नहीं आ रहा है, इसलिए इसको भी देखा जाये। उन्होंने उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण से मदरसों के पंजीकृत होने की सूचना प्राप्त करते हुए निर्देशित किया कि जो मदरसे पंजीकृत नहीं है उन्हें चिन्हित कर दीनी तालिम के साथ-साथ मुख्यधारा से जोडे़े। उन्होंने अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाये।
मंत्री ने दुग्ध विकास एवं पशुपालन की समीक्षा करते हुए कहा कि हर गौशाला आत्मनिर्भर बने इसके लिए प्रयास किए जायें। उन्होंने उपस्थित अपर जिलाधिकारी नगर से कहा कि गोचर भूमि को चिन्हित कर कब्जामुक्त करायें और निराश्रित गौआश्रय स्थलों की दशा ठीक रखें, इसके लिए विशेष प्रयास किया जाये। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों को हटाया जाये। पशु से दूध लेने के बाद सड़कों पर छोड़ने वाले पशु पालकों को चिन्हित किया जाये। पशु के कान में लगे टैग से पशुपालक की पहचान की जाएगी, यदि कोई पशुपालक कान से टैग निकालता है लेखपाल एवं ग्राम पंचायत सचिव द्वारा उसकी सूचना ली जाएगी और छोड़े गये पशु पालकों के खिलाफ कठोर सुसंगत नियमों के तहत कार्यवाही की जाएगी।
अपर निदेशक पशुपालन ने बताया कि जनपद में निराश्रित गौ आश्रय स्थलों पशुओं हेतु 35 हजार कुन्तल भूसे की व्यवस्था कर ली गयी है। सभी गौ आश्रय स्थलों में व्यवस्थायें दुरूस्त हैं। अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जनपद में 47 प्रतिशत अल्पसंख्यक है जिन्हें केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है। बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर आलोक कुमार वर्मा, अपर निदेशक पशुपालन, उप निदेशक अल्पसंख्यक कल्याण, चीफ वार्डेन नागरिक सुरक्षा, सभी जनपदों में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, उप मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, नागरिक सुरक्षा के वार्डन उपस्थित रहे।