व्यापारी से रंगदारी मांगने पर दरोगा के बेटो को जेल भेजा गया

Share

इटावा,06 जून (हि.स.)। जनपद में थाना चकरनगर क्षेत्र के अंतर्गत जूता कारोबारी से पांच सौ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में उप्र पुलिस के रिटायर्ड दरोगा के दो बेटों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने बताया कि चकरनगर कस्बे में सुधीर कुमार जूते का कारोबार करते हैं। उनकी ओर से दी गई शिकायत में मारपीट करके रंगदारी मांगने का आरोप लगाया गया है।

चकरनगर कस्बे में बिठौली थाना क्षेत्र के रीतौर की मढैया गांव के सुधीर कुमार दुबे कई वर्षों से अपनी जूता चप्पल की दुकान किराए के भवन में चला रहे हैं। शनिवार शाम 7 बजे दुकान पर कस्बा निवासी दो सगे भाई आए और चप्पलों की खरीद-फरोख्त को लेकर बहस करने लगे। मुफ्त में चप्पल लेने के साथ पैसे की डिमांड की और ना देने पर मारपीट करने लगे। दुकान का सामान बाहर फेंक दिया। गुल्लक में रखे पैसे भी निकाल लिये। जिसके बाद इसकी शिकायत पुलिस को गई। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद मामला धारा 386, 323, 504 और 506 के तहत केस दर्ज करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

चकरनगर थाना प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि कस्बा के व्यस्ततम चौराहे पर देर शाम रिटायर्ड दरोगा तेज सिंह यादव के 2 बेटे शीलू यादव, सुनील यादव ने जूता, चप्पल की दुकान में घुसकर रंगदारी मांगते हुए मारपीट कर दुकानदार को घायल कर दिया था दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।