वाराणसी, 06 जून (हि.स.)। रविदास घाट के समीप सोमवार अपरान्ह में गंगा में स्नान के दौरान चार किशोर डूब गये। क्षेत्रीय मल्लाहों ने साहस का परिचय देकर दो किशोरों को बचा लिया। लेकिन दो गहरे पानी में डूब गये। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों को बताया। गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद डूबे किशोरों का शव निकाल लिया। हादसे की जानकारी पाते ही मृत किशोरों के परिजनों में कोहराम मच गया।
लंका थानाक्षेत्र के नरिया साकेत नगर निवासी चार किशोर लियाकत अली, दिवाकर,मुन्ना और साहिल रविवार दास पार्क के समीप घुम रहे थे। इसी दौरान चारों ने गंगा में नहाने की योजना बनाई और गंगा में नहाने उतर गये। इसी दौरान लियाकत अली डूबने लगा । यह देख तीनों उसे बचाने के लिए गये तो सभी डूबने लगे। यह देख आसपास के लोगों ने शोर मचाया तो मल्लाहों ने मुन्ना और साहिल को तो बचा लिया। लेकिन लियाकत और दिवाकर डूब गये। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।