डंपर-कार टक्कर में डॉक्टर की मौत, साथी गंभीर घायल

Share

पाली, 17 अप्रैल । पाली शहर के टीपी नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक डॉक्टर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा नया गांव रोड स्थित गुर्जर छात्रावास के पास रात करीब एक बजे हुआ।

पुलिस के अनुसार कार के साथ चल रहे डंपर ने अचानक मोड़ ले लिया, जिससे कार चालक संभल नहीं सका और तेज टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हादसे में कार चला रहे डॉ. शैलेष विश्नोई (34) निवासी दांता (सांचौर, जालोर) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उनके साथ सवार डॉ. गौरव सिंह (30) निवासी धिंगाणा (पाली) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल डॉक्टर को शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

दोनों डॉक्टर नया गांव रोड स्थित जन हॉस्पिटल में सेवाएं दे रहे थे और अस्पताल के पास ही किराए के मकान में रहते थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन पाली पहुंच गए। डॉ. शैलेष विश्नोई ने वर्ष 2020-21 में नेपाल से एमबीबीएस की डिग्री प्राप्त की थी और पिछले चार वर्षों से पाली में कार्यरत थे। उन्होंने पहले बांगड़ हॉस्पिटल में मेडिकल ऑफिसर के रूप में सेवाएं दीं और करीब छह महीने पहले जन हॉस्पिटल जॉइन किया था।

उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं।

हादसे की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एएसआई ओमप्रकाश चौधरी के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और फरार डंपर चालक की तलाश जारी है। शव को बांगड़ हॉस्पिटल की मोर्चरी में रखवाया गया है।